
प्राचार्य का संदेश
राजकीय महाविद्यालय, हेमपुर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं मूल्यपरक उच्च शिक्षा प्रदान करना तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करना है। महाविद्यालय विद्यार्थियों को एक अनुशासित, सकारात्मक एवं प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
हमारा प्रयास केवल विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को विकसित करना भी है। इसी उद्देश्य से महाविद्यालय में नियमित शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया के साथ विभिन्न पाठ्यचर्या एवं सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों का पूरे वर्ष आयोजन किया जाता है।
महाविद्यालय के योग्य, अनुभवी एवं समर्पित संकाय सदस्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। हमारा विश्वास है कि उचित शिक्षा, अनुशासन, संस्कार एवं अवसरों के माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखार सकता है और समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
मैं महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहते हुए ईमानदारी, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएँ देता हूँ।
डॉ. दिनेश चंद्रा
कार्यवाहक प्राचार्य
राजकीय महाविद्यालय, हेमपुर



