About us

हमारे बारे में

राजकीय महाविद्यालय, हेमपुर की स्थापना भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA)” के अन्तर्गत न्यून सकल नामांकन दर वाले इस ग्रामीण अंचल में उच्च शिक्षा की महती आवश्यकताओं एवं क्षेत्र की जन आकांक्षाओं की पूर्ति हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिनांक 01 जुलाई, 2016 को की गई। महाविद्यालय की स्थापना का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है।

महाविद्यालय में वर्तमान में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकायों के अंतर्गत विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। महाविद्यालय महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बरेली (M.J.P.R.U., Bareilly) से संबद्ध है। विश्वविद्यालय एवं शासन द्वारा निर्धारित शैक्षणिक मानकों एवं नियमों के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए महाविद्यालय निरंतर प्रयासरत है।

राजकीय महाविद्यालय, हेमपुर में उच्च योग्य, अनुभवी, समर्पित एवं प्रतिबद्ध शिक्षकगण कार्यरत हैं, जो विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं व्यक्तिगत विकास के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को विषयगत ज्ञान के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा एवं भविष्य के रोजगार के अवसरों के संबंध में भी उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।

महाविद्यालय में शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल दिया जाता है। पठन-पाठन के साथ-साथ वर्षभर विभिन्न पाठ्यसहगामी एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों, जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, वाद-विवाद, निबंध लेखन, भाषण, क्विज, जागरूकता कार्यक्रम, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

महाविद्यालय विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य करता है। हमारा उद्देश्य ऐसे शिक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है, जो अपने व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

राजकीय महाविद्यालय, हेमपुर ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में निरंतर अग्रसर है। हमारा संकल्प है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, ज्ञान एवं उत्कृष्टता के माध्यम से प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर भविष्य के लिए सक्षम बनाया जाए।